उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को विधानसभा में एक करोड़ युवाओं को टैबलेट देने, राज्य कर्मचारियों को 28 फीसदी डीए और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों आदि के लिए मानदेय बढ़ाने की घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के एक करोड़ युवाओं को सरकार टैबलेट और स्मार्ट फोन देगी। साथ ही ऐसे युवा जो प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठेंगे, उन्हें तीन बार परीक्षाएं देने जाने का यात्रा भत्ता भी दिया जाएगा। टैबलेट और स्मार्ट फोन देने के लिए 3000 करोड़ रुपये का एक कोष बनाया गया है। टैबलेट ऐसे छात्रों को दिया जाएगा, जो तकनीकी डिप्लोमा, स्नातक अथवा परास्नातक की पढ़ाई कर रहे होंगे।
![]() |
हिंदुस्तान |
गुरुवार को विधानसभा में बजट चर्चा का जवाब रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश का नौजवान अब मुंह छुपाते नहीं फिरता। वह गर्व से कहता है कि वह यूपी का है। सरकार ने युवाओं के कल्याण के लिए बहुत कार्य किए हैं। अब एक करोड़ युवाओं को टैबलेट दिया जाएगा। इसके लिए जो 3000 करोड़ का कोष बनाया गया है, उसमें सीएसआर से भी मदद ली जाएगी। साथ ही विश्वविद्यालयों से भी मदद लेंगे। मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं की सामाजिक सुरक्षा निधि भी डेढ़ लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने का ऐलान किया है।
राज्य कर्मचारियों को 28 फीसदी डीए व महंगाई राहत
मुख्यमंत्री ने सदन में घोषणा करते हुए कहा कि सरकार 16 लाख राज्यकर्मचारियों और 12 लाख पेंशनर्स को भी जल्द ही 28 फीसदी डीए की राशि अदा करेगी। उन्होंने कहा कि अभी तय यह 17 फीसदी था इसमें अब 11 फीसदी की वृद्धि की गई है। यह धनराशि एक जुलाई 2021 से देय होगी।
आंगनबाड़ी और पीआरडी चौकीदारों का मानदेय बढ़ाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कोरोना प्रबंधन के दौरान निगरानी समितियों को लगाया था। इसमें आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सह कार्यकत्रियों आदि ने सराहनीय काम किया है। इसके अलावा आशा संगिनी, पीआरडी जवान, ग्राम चौकीदार आदि के मानदेय भी बहुत अल्प थे। मुख्यमंत्री ने इन सभी के मानदेय बढ़ाए जाने की भी घोषणा की है।
संस्कृत छात्रों को मिलेगी छात्रवृत्ति, शिक्षक होंगे भर्ती
मुख्यमंत्री ने सदन में घोषणा करते हुए कहा कि अब संस्कृत पढ़ने वाले छात्रों को भी छात्रवृत्ति दी जाएगी। उन्होंने सपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि आप लोगों ने संस्कृत स्कूलों को जानबूझकर बंद कर दिया था। सरकार ने जिलों में कमेटी गठित कर दी है और जल्द से जल्द संस्कृत शिक्षकों की भर्ती के लिए निर्देश दिए गए हैं।